घर में हुई चोरी के बाद बखरा पड़ा सामान।
- फोटो : VRINDAVAN
मथुरा। हाईवे स्थित गेटबंद कॉलोनी राधावैली में व्यापारी नेता के बंद मकान का ताला तोड़कर घुसे चोर अलमारी से सवा लाख रुपये की नकदी और ४.७५ लाख रुपये के जेवरात चोरी कर ले गए। शुक्रवार सुबह काम पर आई नौकरानी ने ताला टूटा देख पड़ोसी को इसकी जानकारी दी। सूचना पर व्यापारी दंपती जयपुर से और हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने तथ्य जुटाए।
थाना हाईवे की राधावैली के सेक्टर-६ के मकान नंबर १२६ में रहने वाले व्यापारी नेता सुनील अग्रवाल पत्नी के संग कारोबार के सिलसिले में बृहस्पतिवार को जयपुर गए थे। घर बंद करके चाबी पड़ोसी को सौंप गए। शुक्रवार सुबह पड़ोसी के फोन आने पर व्यापारी नेता मथुरा लौट आए।
व्यापारी नेता ने बताया कि दीवार फांदकर चोर उनके मकान में घुसे। अंदर के दरवाजे पर लगे ताले को तोड़कर मकान में प्रवेश किया। अलमारी के लॉकर को तोड़कर चोर करीब सवा लाख रुपये की नकदी और ४.७५ लाख रुपये के जेवरात चोरी कर ले गए। इससे गुस्साए व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि चोरी का जल्द खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक छोटेलाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही चोरी की खुलासा किया जाएगा।