टाउनशिप (मथुरा)। आगरा-मथुरा हाईवे पर शनिवार की देर रात बाइक सवार दो सगे भाइयों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे एक की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया।
दिल्ली की प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले रामजीत (23) और रंजीत (24) पुत्रगण नरेशचंद्र निवासीगण गांव डुडहा थाना जसवंतनगर शनिवार की देररात बाइक से घर जाने के लिए हाईवे से होकर गुजर रहे थे, तभी टाउनशिप तिराहे के फ्लाईओवर पर उतरते समय बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए।
रिफाइनरी पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रामजीत को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके भाई रंजीत की दशा गंभीर बनी हुई है। प्रभारी निरीक्षक प्रशांत त्यागी ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।