वृंदावन में पानी गांव पुल के समीप लगी कॉलोनियों में घुसा यमुना का पानी।
वृंदावन (मथुरा)। सोमवार को यमुना के जलस्तर में और हुई वृद्धि के कारण निचले इलाकों की कई कॉलोनियां जलमग्न हो गईं। यमुना में लगातार बढ़ रहे जलस्तर ने लोगों को और परेशानी में डाल दिया है।
यमुना के तट पर बसे कई परिवार पलायन कर चुके हैं। बचे हुए लोगों को अनहोनी की आशंका सता रही है। दर्जनों परिवार अपने सगे संबंधियों के यहां रहने चले गए हैं। यमुना के जलस्तर में रविवार की रात से वृद्धि देखी गई। लगातार बढ़ रहा यमुना का जलस्तर थमने के नाम नहीं ले रहा है।
यमुना किनारे बुधनगर, श्याम नगर, दुर्गापुरम, पानीघाट, रामानंद नगर, हुड़दंग नगर, यमुना नगर, पुराना पानीघाट, आजाद नगर, बिहारघाट, के साथ ग्राम राजपुर खादर आदि इलाकों में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं, सोमवार की शाम यमुना किनारे के इलाके कालीदहघाट से सटी कॉलोनियों में पानी भर गया। इससे कई मकानों को नुकसान पहुंचने का समाचार है।