मथुरा। ठेकेदारी के लाइसेंस को रिन्यू कराने की एवज में बेटे-बहू ने अपने कुछ अन्य लोगों के सहयोग से पिता की जमीन की पावर ऑफ एटर्नी करा ली और बैंक खाते से चेक बुक जारी कराकर उनके धन का हरण शुरू कर दिया। इस मामले में दुखी पिता ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
मुकदमा दर्ज होने के बाद सदर बाजार पुलिस डेढ़ महीने बाद तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इसको लेकर पीड़ित ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। थाना जमुनापार के राम नगर के रहने वाले किशन लाल उर्फ किशना पुत्र मोती लाल का कहना है कि 19 मई को प्रार्थी के बेटे नितेश और उसकी पत्नी ने ठेकेदारी के लाइसेंस को रिन्यू कराने की एवज पर रजिस्ट्री आफिस में धोखधड़ी से अपने पक्ष में पावर आफ एटॉर्नी करा ली।
इसके बाद होलीगेट शाखा स्थित एचडीएफसी बैंक से चेकबुक जारी करा उनकी रुपये भी हथिया लिए। इसकी रिपोर्ट उनके द्वारा आठ जुलाई को सदर थाने में दर्ज कराई गई। इसमें आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं है जिससे उनके हौसले बुलंद हैं वे लगातार उनके परिजनों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।