मथुरा। सोमवार को श्रीकृष्ण जन्मस्थान ईदगाह प्रकरण में एडवोकेट महेंद्र प्रताप, एडवोकेट राजेंद्र माहेश्वरी व नारायणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष यादव के वाद में सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में सुनवाई होगी।
ठाकुर केशवदेव की ओर से दर्ज अधिवक्तागण के वाद में प्रतिवादीगण शाही ईदगाह तथा सुन्नी वक्फ बोर्ड के पदाधिकारियों को केस के स्थायित्व संबंधी मुद्दे पर पक्षकार के विरोध का प्रत्युत्तर देना होगा। पक्षकारगण ने अदालत से ईदगाह का कोर्ट कमीशन कराए जाने का आग्रह किया था, जबकि प्रतिवादीगण ने केस के स्थायित्व संबंधी बहस को आगे बढ़ाए जाने के लिए कहा था।
सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में सोमवार को ही नारायणी सेना के अध्यक्ष मनीष यादव द्वारा दाखिल वाद में कोर्ट कमीशन के मुद्दे पर बहस होगी। इस संबंध में जानकारी देते हुए मनीष यादव ने बताया कि उनके द्वारा हाईकोर्ट में भी इसी मुद्दे पर रिट दाखिल की गई है।