मथुरा के कोसीकलां के गांव कामर में एक युवक की सिर कटी लाश मिली है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक युवक की पहचान गांव के महावीर (24) के रूप में हुई है।
गांव कामर निवासी ओंकार सिंह का पुत्र महावीर मंगलवार की शाम से लापता हो गया। परिजन के खोजबीन करने के बाद सुराग नहीं लगा सका। बुधवार की शाम को गांव में तालाब मंदिर के पास गोबर डालने जा रही महिलाओं ने पोखर में खून के निशान देखे तो ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों को पोखर में युवक के पैर दिखाई दिए तो सूचना पुलिस को दी।
प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार मौके पर पहुंचे और पोखर से लाश का निकलवाया तो उसका सिर नहीं था। सिर कटे युवक के शव को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। सिर बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।
पुलिस ने खंगाले सीसी टीवी कैमरे
चर्चा है कि घर से गायब होने से पूर्व महावीर के गांव के एक-दो युवकों के साथ सरकारी दुकान से शराब खरीदने की फोटो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। प्रत्यक्षदर्शी मामले को प्रेम प्रसंग से जुड़ा बता रहे है। पुलिस ने गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले है। पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस मामले में किसी को पकड़े जाने से इनकार कर रही है।