कान्हा माखन पोलिंग बूथ का निरीक्षण कर बाहर आते डीएम-एसएसपी।
मथुरा। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम नवनीत सिंह चहल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने संयुक्त रूप से आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत वल्नरेबल बूथ मेवाती मोहल्ला दरेसी रोड तथा क्रिटिकल बूथ इस्लामियॉ इंटर कॉलेज दरेसी का औचक निरीक्षण किया। यहां की चुनावी व्यवस्थाएं देखी।
इस दौरान डीएम चहल ने उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी पुलिस को निर्देश दिए कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार सभी दिशानिर्देशों का पालन किया जाए। चुनाव में कोई भी लापरवाही न बरती जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने निर्देश दिए कि नियमों का उल्लंघन करने की दशा में संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करते हुए सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी निरीक्षकों को समुचित निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन के दौरान सभी हिस्ट्रीशीटर और गुंडा जिले की सीमा के बाहर या जेल में होने चाहिए।
इस दौरान दोनों अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से कहा कि निर्भीक होकर मतदान करें। मतदान बिना भय व लालच के करें। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र का महापर्व होता है। आप सभी अपने नजदीकी व्यक्तियों को भी वोट करने के लिए प्रेरित करें। तदोपरांत सैनिक बलों के ठहरने के लिए चिन्हित कान्हा माखन पब्लिक स्कूल का भी निरीक्षण किया। सैनिक बल के जवानों के ठहरने की व्यवस्था एवं मूलभूत सुविधाओं को देखा। पाई गई कमियों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।