डॉक्टरों की टीम द्वारा राधाकुंड पहुंचकर युवक का किया गया परीक्षण
- फोटो : AMAR UJALA
राधाकुंड (मथुरा)। धार्मिक नगरी होने के साथ राधाकुंड के काफी युवा देश के अनेकों प्रांत एवं शहरों में रह रहे हैं। कई युवा बाहर रहकर नौकरी भी करते है। लॉक डाउन के कारण बाहर रहने वाले लोग उन्हें अपने घर राधाकुंड चोरी छिपे आ रहे है। पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते बाहर से आने वाले लोगों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को पहुंचाई जा रही है। मंगलवार की सुबह 30 वर्षीय युवक चोरी छिपे दिल्ली से आकर अपने घर पहुंचा। इसकी जानकारी होते ही स्थानीय लोगों के चेहरे पर चिंता की लकीरें खिंच गई। तुरंत स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग को सूचना दी। सूचना पर डॉ अंकित कुमार, डॉ कपिल कुमार, पुलिस उप निरीक्षक प्रदीप कुमार डॉक्टरों की टीम को लेकर उसके घर पहुंच गए। डॉक्टरों ने युवक का स्क्रीनिंग कर स्वास्थ्य परीक्षण किया। परीक्षण में युवक का स्वास्थ्य नॉर्मल आया है।स्वास्थ विभाग द्वारा उसे 14 दिनों तक होम क्वारंटी किया है। लोगो का कहना है कि लॉक डाउन के पहले चरण की अपेक्षा दूसरे चरण में काफी नरमी नजर आ रही है।