मथुरा। आगरा के अछनेरा थाना क्षेत्र के किरावली कस्बे का 12 वर्षीय बालक मंगलवार रात घर से भागकर फरह टोल पहुंच गया। वहां उसने खुद के अपहरण का शोर मचाकर सनसनी मचा दी। उसने आरोप लगाया कि अज्ञात कार सवारों उसे कार में डालकर लाए हैं। टोल के पास उन्होंने पानी पीने को गाड़ी रोकी, तभी वह उनके चंगुल से भाग निकला। पुलिस ने टोल व उसके आसपास के सीसीटीवी फुटेज जांचे तो सामने आया कि बालक खुद ही अपनी साइकिल से वहां तक पहुंचा और साइकिल को हाईवे किनारे फेंक खुद के अपहरण का शोर मचाया।
वाकया रात करीब 10 बजे करीब का है। 12 साल का एक बालक फरह टोल पर पहुंचा और टोल व वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को बताया कि वह आगरा के अछनेरा थाना क्षेत्र के किरावली कस्बा की एक कॉलोनी का है। शाम को वह साइकिल से घर से निकला उसका कार सवारों ने अपहरण कर लिया। वह दिल्ली की ओर ले जा रहे थे। इंस्पेक्टर फरह कमलेश सिंह ने एक टीम को सीसीटीवी जांच व कार की तलाश में लगा दिया। पुलिस ने गहनता से पूछताछ की तो उसने सच कबूल करते हुए बता दिया कि उसने स्कूल नहीं जाना था। इसलिए वह घर से निकल आया था। उसे वापस जाने पर परिजनों की पिटाई का डर था। इसलिए खुद के अपहरण का स्वांग रचा। सीओ रिफाइनरी श्वेता वर्मा ने बताया कि बच्चे को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।