चौमुहां(मथुरा)। अकबरपुर-सिहाना रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रैक में चाबी ठोकते समय कीमैन ट्रेन की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इससे नाराज रेल कर्मचारियों ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक के आश्रितों की हर संभव मदद एवं कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराए जाने का आश्वासन दिया। तब जाकर कर्मी मानें। आश्वासन के बाद शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना छाता की केडी चौकी क्षेत्र में शुक्रवार को अकबरपुर-सिहाना रोड पर गेट नंबर 538 के निकट सुबह पांच बजे रेलवे ट्रैक पर चाबी ठोक रहे मथुरा निवासी कैलाश चंद (50) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। साथी रेल कर्मी फिरोज खान ने बताया कि सुबह कोहरा अधिक होने के कारण ट्रेन दिखाई नहीं दी। इस कारण ट्रैक पर चाबी ठोक रहे कीमैन कैलाश चंद की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर आसपास काम कर रहे कर्मचारियों ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया।
कीमैन इकबाल ने आरोप लगाया कि विभाग के अधिकारी एक कीमैन से चार किलोमीटर लंबाई के सेक्सन पर जबरन कार्य करा रहे हैं। काम न करने पर चार्जशीट जारी करने की धमकी अधिकारी देते हैं। कई कर्मचारियों की वेतन वृद्धि रोक दी गई है। इस कारण ज्यादातर रेल कर्मचारी डिप्रेशन में कार्य कर रहे हैं। आज कैलाश चंद की भी मौत में डिप्रेशन भी एक वजह है। बार-बार शिकायत के बाद भी उनकी समस्या को सुनने के लिए कोई अधिकारी तैयार नहीं है।
आगरा मंडल की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि कर्मियों के आरोप निराधार हैं। कर्मचारियों से रेलवे के नियमों के अनुसार ही डॺूटी ली जा रही है।