मथुरा। डीएम पुलकित खरे ने क्रिटिकल गैप्स योजनांतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में विज्ञान लैब एवं उपकरणों के लिए लगभग 60 लाख रुपये की धनराशि दी है। इसके साथ ही जनपद के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को सुविधाओं से लैस बनाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इन विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को विज्ञान के क्षेत्र में नए अवसर प्रदान करने का मौका मिलेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में विद्यालयों के जीर्णोद्धार के लिए कार्य किया है। जनपद के सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को स्कूल गोद दिए गए हैं। जिनके निर्देशन में स्कूलों का कायाकल्प किया जा रहा है। स्वयंसेवी, संगठन एवं व्यापारियों के सहयोग से शिक्षा के क्षेत्र में स्कूलों में फर्नीचर, आरओ आदि की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने बताया कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में बनने वाली विज्ञान लैबों के सकुशल संचालन के लिए सभी विद्यालयों के दो-दो शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे छात्र-छात्राओं को विज्ञान के क्षेत्र में शिक्षा प्रदान करेंगे तथा प्रेक्टिकल के माध्यम से बच्चों को लाभान्वित करेंगे।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सरूपा राया, पचेहरा नौहझील, कोटवन नंदगांव में नए विज्ञान लैब कक्षों का निर्माण किया जाएगा। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रहीमपुर फरह, पैगांव रोड छाता, अकबरपुर चौमुहां में पूर्व में बने हुई विज्ञान लैबों के लिए उपकरण एवं साज सज्जा का कार्य किया जाएगा। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय मांट, पैगांव, नंदगांव, रहीमपुर, सरूपा, अकबरपुर की चहारदीवारी की तार फेसिंग का कार्य किया जाएगा। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय मुडेसी में विज्ञान लैब, सोलर स्ट्रीट लाइट तथा बारबेड फेसिंग व गोवर्धन में सोलर स्ट्रीट लाइट तथा बारबेड फेसिंग होगी।