फरह (मथुरा)। बीती रात को गांव महुअन में फौजी के घर से चोर कई लाख के आभूषण एवं रुपये चुरा ले गए। फरह पुलिस जांच में जुटी हुई है।
महुअन गांव में बीती रात चोरों ने पूर्व फौजी हाकिम के घर को निशाना बनाया। तहरीर के अनुसार चोर कमरे में बक्से में रखीं सोने की अंगूठी, जंजीर, पेंडल, टीका, झुमकी, हार एवं चांदी के लगभग 10 लाख रुपये के आभूषण सहित 2 लाख 40 हजार रुपये ले गए। उन्होंने बेटे राजू के लिए जेवर व पैसों की व्यवस्था करके रखी थी। 29 तारीख को उसकी शादी है।
चोर छत के रास्ते लोहे जाल को खोलकर, जाल पर धोती बांध कर नीचे मकान में उतरे और कमरे में सो रही महिलाओं को बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया। सुबह करीब चार बजे जब महिलाओं की आंख खुली तो चीख-पुकार मच गई। चौकी प्रभारी राकेश कुमार गिरी ने बताया मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इससे पूर्व कस्बे में आधा दर्जन से ज्यादा स्थानों पर चोरी हो चुकी हैं। गांव मेघपुर, रेपुरा, बेरी, सहजादपुर, फातिया कस्बे में हुईं चोरी की घटनाओं को पुलिस आज तक नहीं खोल पाई है। राधेश्याम अग्रवाल ने एसएसपी से शिकायत की मगर कोई नतीजा नहीं निकला। राज दर्शन पचौरी ने बताया फरह थाने में अपराध निरीक्षक की तैनाती है पर चोरियों का राज आज तक नहीं खुल पाया है।