मथुरा। शहर के गोविंद नगर थाने के हिस्ट्रीशीटर के भाई ने प्रभु श्रीराम को लेकर अभद्र टिप्पणी की। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस ने बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उसके पास से तमंचा भी बरामद हुआ है।
इंस्पेक्टर देवपाल सिंह पुंडीर ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी हेमंत कुमार शर्मा की ओर से मंगलवार को मुकदमा दर्ज कराया गया था। आरोप था कि सलमान पुत्र फत्तू खां निवासी जयसिंहपुरा, गोविंद नगर द्वारा प्रभु श्रीराम को लेकर अभद्र टिप्पणी सोशल मीडिया पर की गई है। उनके द्वारा पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी उपलब्ध कराया गया।
जांच के आधार पर पुलिस ने सलमान को जयसिंहपुरा से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से तमंचा व दो कारतूस भी बरामद हुए है। पूछताछ में सामने आया कि सलमान 2017 में छेड़खानी के एक मुकदमे में पूर्व में भी जेल जा चुका है। सलमान का भाई अबरार हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ लूट, चोरी, मारपीट, धमकाने, चौथ मांगने के 14 मुकदमे दर्ज हैं। संवाद
प्रभु पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोपी को पकड़ा
शेरगढ़। पुलिस ने सोशल मीडिया पर भगवान राम के प्रति अभद्र टिप्पणी करने के आरोपी विशंबरा निवासी मुस्तफा को शेरगढ़ पुलिस ने पैगाम रोड से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 22 जनवरी को टिप्पणी की थी। इसे लेकर लोगों में आक्रोश था। थाना प्रभारी सोनू सिंह ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है। संवाद