पुलिस ने संजय हरियाणा को कोतवाली में बैठाए रखा
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा में छह दिसंबर को मूल श्रीकृष्ण जन्मस्थान (ईदगाह) में लड्डू गोपाल जी का अभिषेक और हनुमान चालीसा पढ़ने का अखिल भारत हिंदू महासभा ने एलान कर रखा है। इसे रोकने की कोशिश में पुलिस जुटी है। इसी क्रम में महासभा के पदाधिकारियों पर पुलिस ने दबाव डालने के साथ ही प्रदेश प्रवक्ता संजय हरियाणा को रविवार को कोतवाली पुलिस ने पकड़कर कोतवाली में बैठा लिया। हालांकि देर रात करीब ११ बजे छोड़ दिया। उनके घर के बाहर दो पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए हैं।
उधर, इसके बाद अन्य पदाधिकारी भूमिगत हो गए हैं। पदाधिकारियों के घरों पर भी निगरानी शुरू कर दी है। सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने कुछ संगठनों के पदाधिकारियों को कार्यालय में हाजिरी लगाने व मुचलके भरने के लिए बुलाया है। सूत्रों के अनुसार, जिन्होंने जमानत नहीं कराई है, उनके खिलाफ वारंट भी निकालने की तैयारी है। महासभा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने बताया कि उनके परिजन को पुलिस ने धमकी दी है लेकिन वे डरने वाले नहीं हैं। तय समय पर हनुमान चालीसा पढ़ेंगे।