अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्यश्री चौधरी
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा में अखिल भारत हिंदू महासभा के चार पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत पहुंचकर बृहस्पतिवार को जमानत करा ली। मामले में सात पदाधिकारी कोर्ट में हाजिर हो चुके हैं। हालांकि राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्यश्री चौधरी और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जमानत होना अभी भी शेष है। दोनों का कहना है कि ईदगाह पर हनुमान चालीसा का पढ़ने का कार्यक्रम होकर रहेगा, चाहे प्रशासन कितना भी उत्पीड़न क्यों न कर ले।
दरअसल, छह दिसंबर को लेकर हिंदू महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्यश्री चौधरी ने घोषणा की थी कि वह ईदगाह पर पहले दिन लड्डू गोपाल का अभिषेक करेंगे और फिर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। इसके बाद एक-एक करके कई हिंदूवादी संगठनों ने छह दिसंबर को असली जन्मस्थान पहुंचने की घोषणा कर दी। इसे लेकर सिटी मजिस्ट्रेट सौरभ दुबे ने महासभा और मुस्लिम समाज से जुड़े पदाधिकारियों के खिलाफ जमानती वारंट जारी कर दिए।
ये लोग हुए कोर्ट में हाजिर
इसके लिए सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट में सुनवाई हुई। जिसमें महासभा के पदाधिकारी संजय हरियाणा, संजय पाराशर, रामकृष्ण दास, विजय पाल सिंह, पद्म गौतम रामप्रसाद शर्मा और निरंजन सिंह ने कोर्ट पहुंचकर हाजिरी लगाई। गिर्राज प्रसाद शर्मा की हाजिरी माफी लगाई गई। वहीं जिलाध्यक्ष छाया गौतम , पदाधिकारीगण विष्णु सिंह, चंदप्रकाश सिंघल और गोरी पाठक ने जमानत कराई है। अदालत ने अगली सुनवाई की तारीख तीन दिसंबर लगाई है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्यश्री चौधरी व कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट नहीं पहुंचे। दिनेश शर्मा ने कहा है जब हम अपने देश में हनुमान चालीसा नहीं पढ़ेंगे तो क्या पाकिस्तान मेें हनुमान चालीसा का पाठ पढ़ेंगे। हिंदू सेना, बजरंगी सेना, नारायणी सेना, सनातन धर्म पार्टी, हिंदू शक्ति दल, ब्राह्मण महासभा, क्षत्रिय महासभा, जाट महासभा आदि अनेक हिंदूवादी संगठन इस कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। हम शांतिपूर्वक अभिजीत मुहूर्त में 12 बजे तय स्थान पर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे समय और स्थान परिवर्तन नहीं होगा।