बाजना। भारतीय किसान यूनियन (अंबावता) का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन व चिंतन शिविर मांट तहसील के जावरा रोड स्थित एक फार्म हाउस पर आयोजित किया जा रहा है।
शुभारंभ कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रवक्ता अनीश गाजी ने कहा कि देश का किसान मुश्किल दौर से गुजर रहा है। किसान खुशहाल होगा तो देश आगे बढ़ेगा। किसानों को फसलों का लाभकारी मूल्य नहीं मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है, वे कर्ज में फंस रहे हैं। उन्होंने आगामी 2 अक्तूबर को गांधी जयंती व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विजय घाट पहुंचने का आह्वान किया।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष रविंद्र प्रधान ने कहा कि बुढ़ापा पेंशन 5000 रुपये प्रति महीने मिलनी चाहिए। किसानों का संपूर्ण कर्जा माफ होना चाहिए।जिलाध्यक्ष पंडित अनिल शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने एमएसपी पर कानून बनाने का आश्वासन दिया, लेकिन आज तक कानून लागू नहीं किया। कहा कि गोवंश फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, उन्हें गोशालाओं में भेज दिया जाए। स्वामीनाथन आयोग रिपोर्ट के अनुसार एमएससी पर कानून गारंटी, कर्ज माफी, किसानों को मुफ्त बिजली, मिलों पर बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान आदि मुद्दों पर चर्चा की गई।
पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री पंडित श्यामसुंदर शर्मा ने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है। प्रदेश सचिव सत्यपाल सिंह कुंतल, युवा प्रदेश अध्यक्ष रमन सिंह, डॉ. मूलचंद सैनी, निशांत, राजकुमार, बॉबी, गिरीश चौधरी आदि ने विचार रखे। साबिर प्रदेश, जाकिर अंसारी, परवेज चौधरी, नाजिम मलिक, इमरान गाजी, अरविंद भाटी, नरेंद्र भाटी, सचिन भाटी, डॉ. राम अवतार, साबिर गुड्डू आदि मौजूद रहे।