युवती सगाई रुकवाने के लिए होटल में पहुंची थी। आरोप लगाया कि जो युवक सगाई करने जा रहा है, उसकी शादी हो चुकी है और वो उसका पति है। आरोप सुनने के बाद दोनों ओर से विवाद शुरू हो गया और नौबत हाथापाई तक आ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।
मथुरा शहर के डैंपियर नगर स्थित एक होटल में रविवार को आयोजित सगाई समारोह में एक युवती ने परिवार वालों के साथ मिलकर हाई वोल्टेज ड्रामा किया। युवक पर आरोप लगाया कि उसने छह माह पहले उससे शादी की थी। अब उसे धोखा देकर दूसरी जगह सगाई कर रहा है। युवक पक्ष की महिलाएं व पुरुष आरोप सुन भड़क गए। उन्होंने युवती व उसके परिवार वालों की जमकर पिटाई की। युवती ने कोतवाली शहर में तहरीर दी है।
विज्ञापन
घटना करीब शाम सात बजे का है। एक होटल में युवक का सगाई समारोह चल रहा था। युवक पेशे से अधिवक्ता बताया गया है। सगाई समारोह के दौरान एक युवती अपनी छोटी बहन, मां, पिता व परिवार के अन्य लोगों के साथ पहुंची। युवती ने खुद मांट निवासी व पेशे से अधिवक्ता होना बताया।
युवती ने आरोप लगाया कि जो युवक सगाई कर रहा है। उसने छह माह पहले ही उससे शादी की है। अब धोखा देकर किसी दूसरी युवती से सगाई कर रहा है। काफी देर तक गहमागहमी व हंगामा होता रहा। जब ड्रामा अधिक बढ़ा तो युवक पक्ष की महिलाओं व पुरुषों ने युवती व उसके परिवार वालों से मारपीट कर दी। युवती पक्ष ने भी हाथ छोड़ दिया। राहगीर व स्थानीय लोगों ने बीच बचाव किया। इंस्पेक्टर रवि त्यागी के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।