गोवर्धन। रविवार सुबह गिरिराज जी के आंगन में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। पग-पग पर आस्था और कण-कण में बसी भक्ति से गिरिराज तलहटी सराबोर हो गई। गिरिराज जी के जयकारे और राधे नाम के संकीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जतीपुरा के मुखारबिंद और गोवर्धन के दानघाटी मंदिर में गिरिराज जी का दुग्धाभिषेक कर मनौती मांगी।
रविवार को नए साल पर खुशहाली की कामना लेकर देश के कोने-कोने से लाखों भक्त गोवर्धन पहुंचे। दानघाटी और मुखारबिंद मंदिर में गिरिराज प्रभु का दुग्धाभिषेक कर मनौती मांगी। जतीपुरा मुखारबिंद मंदिर में भीड़ इतनी थी कि दुग्धाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं को लाइन में लग कर इंतजार करना पड़ा। आस्था और भक्ति में सराबोर श्रद्धालु भक्त दूध और भोग लेकर मंदिर पहुंचे। जयपुर की महिला श्रद्धालु मोनिका और मोहिनी ने बताया नए साल पर विगत दस सालों से खुशहाली की कामना लेकर गिरिराज धाम आ रहे हैं। गिरिराज प्रभु के आशीर्वाद से पूरा साल खुशहाली में व्यतीत होता है।
भीड़ ने खोल दी व्यवस्थाओं की पोल
नव वर्ष पर खुशहाली की कामना लेकर गिरिराज जी पहुंचे श्रद्धालु भक्तों की भीड़ उमड़ते ही प्रशासन की व्यवस्थाओं की पोल खुल गई। एकता तिराहा पर एकता गेस्ट हाउस और होटल विंगस्टन के सामने सड़क किनारे वाहन पार्क होने से परिक्रमा मार्ग तक पहुंचने से पहले ही श्रद्धालु भक्त जाम में फंस गए। ट्रैफिक पुलिस कर्मी डॺूटी प्वाइंट से नदारद थे। सीओ राम मोहन शर्मा, इंस्पेक्टर नितिन कसाना ने मौके पर खड़े होकर जाम खुलवाया। हालात इतने खराब थे कि बार-बार जाम लगता और खुलता रहा। डीएवी स्कूल से होकर राधाकुंड परिक्रमा मार्ग नो व्हीकल जोन पर श्रद्धालुओं की भीड़ में भारी वाहन, टूरिस्ट बस, टैक्सी गाड़ियों के प्रवेश से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
,,,,,,,,,,,,,
गिरिराज परिक्रमा के लिए श्रद्धालु भक्तों की भीड़ बड़ी तादात में गोवर्धन पहुंची है। पुलिस व्यवस्थाओं में जुटी है। वाहनों को व्यवस्थित कराया जा रहा है।
राम मोहन शर्मा, सीओ गोवर्धन।