मथुरा शहर कोतवाली की पॉश कॉलोनी डैंपियर नगर में बीती 12 जुलाई की रात पूर्व विधायक चंदन सिंह के घर में चोरी करने वाले गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इंस्पेक्टर संजय कुमार पांडेय ने यह मुकदमा अपनी ही कोतवाली में दर्ज कराया है। साथ ही तहसील प्रशासन से इनकी संपत्ति का रिकॉर्ड मांगा है। रिकॉर्ड आते ही गिरोह द्वारा अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त किया जाएगा। सीओ सिटी अभिषेक तिवारी ने बताया कि गैंग के सदस्य सतीश पुत्र लक्ष्मण निवासी अधियाना, पानीपत, हरियाणा, भोला पुत्र नेत्रपाल निवासी शांति आश्रम, डैगरा, जमुनापार, इसके भाई गब्बर, रोहित और भोला की मां शारदा देवी को गिरफ्तार किया गया था।
इनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। कई चोरियों से संबंधित माल इनसे बरामद हुआ था। इंस्पेक्टर ने बताया कि यह गिरोह अपने आप में अनूठा है। इस गिरोह में परिवार की महिलाएं भी पुरुषों के साथ अपराध में बराबरी की भूमिका अदा करती हैं। शारदा देवी और उसकी चार बहू भी अपराध में रोहित, मनोज, भोला और गब्बर का साथ देती हैं। गैंगस्टर एक्ट के तहत इनके द्वारा अपराध से अर्जित की गई संपत्ति को सीज किया जाएगा।