वृंदावन (मथुरा)। विवादित अयोध्या वाली कुंज में कब्जे को लेकर दो पक्षों में चल रहे विवाद में हुई एफआईआर के दूसरे दिन शुक्रवार को पुलिस ने जानलेवा हमले के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में दो महिला समेत आठ लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई थी।
बृहस्पतिवार दोपहर को विवादित अयोध्या वाली कुंज पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद में शामिल केशव कुंज रमणरेती निवासी संजय चौधरी ने एफआईआर दर्ज कराई थी कि हरे कृष्ण फूड फॉर लाइफ के सदस्यों द्वारा परिक्रमा मार्ग स्थित अयोध्या कुंज पर सफाई कार्य किया जा रहा था कि तभी गोविंद शर्मा और उसके परिवार के सदस्यों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की नियत से लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनके चोटें आईं।
इस मामले में संजय चौधरी ने गोविंद शर्मा, उमाशंकर, प्रताप, मौनू, पीतम, धर्मपाल एवं दो महिलाओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने विवाद में शामिल जानलेवा हमले के आरोपी गोविंद शर्मा, उमाशंकर शर्मा, प्रताप सिंह एवं जगवीर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने मारपीट में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि अयोध्या वाली कुंज विवाद में जान लेवा हमला के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। इस मामले में दो महिला समेत आठ लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई थी।