वृंदावन। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार से वृंदावन के संतों में आक्रोश है। रविवार को रमणरेती मार्ग स्थित भागवत निवास में संतों ने बैठक की। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के महासचिव को ज्ञापन भेजकर बांग्लादेश में फंसे हिंदुओं की सुरक्षा की मांग की है। संतों ने बांग्लादेश में फंसे हिंदुओं से फोन कॉल कर उनका हाल जाना और उन्हें हिम्मत से सामना करने को कहा।
महंत फूलडोल दास ने कहा कि वृंदावन के संत बांग्लादेश के हिंदुओं की रक्षा के लिए तन, मन, धन से तैयार हैं। उनको हिम्मत नहीं हारनी है और मदद मिलने तक एकजुट होकर हमलावर कट्टरपंथियों का डटकर मुकाबला करना है। कृष्णा नंद महाराज एवं स्वामी गोविंदा नंद तीर्थ ने कहा कि संकट की घड़ी में वृंदावन के संत बांग्लादेश के हिंदुओं के साथ में खड़े हैं।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि के पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि आज हिंदू खतरे में हैं। सनातन संस्कृति पर लगातार एक के बाद एक हमले हो रहे हैं। संतों ने कहा कि हिंदुओं को एकजुट होकर अपने धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए आगे आना होगा। यही वक्त की भी पुकार है। बैठक में संत दशरथ दास महाराज, चितप्रकाशानंद, महंत आदित्यानंद महाराज, रामविलास चतुर्वेदी, वेदा नंद गिरी आदि मौजूद रहे।