मथुरा। चार दिन से लगातार पड़ रहे कोहरे से शनिवार को निजात मिली। हालांकि दिन भर सूरज नहीं निकला और सर्द हवाएं शरीर को चुभती रहीं। लोग दिनभर घरों में दुबके रहे। सड़कों पर वही लोग निकले, जिनके जरूरी काम थे। शीतलहर के कारण न्यूनतम तापमान भी घटकर 5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। उधर, ट्रेनों की लेटलतीफी जारी रही। दर्जन भर ट्रेनें 3 से आठ घंटे की देरी से पहुंची।
जिले में देहात के साथ शहर में भी बीते चार दिनों से घना कोहरा पड़ रहा था। हालत यह थी की सड़कों पर वाहन रैंग-रैंग कर चल रहे थे। लोगों को घर से निकलने और आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन शक्रवार रात कोहर छंट गया, जिसका असर शनिवार को दिनभर रहा, लेकिन सर्दी से राहत नहीं मिली। सुबह जब लोग उठे तो लगा कि आज सूरज निकलेगा, लेकिन उन्हें मायूसी हाथ लगी। नगर निगम द्वारा ठंड से बचाव के लिए 2 स्थानों पर गैस हीटर लगाए गए हैं। शनिवार दिन व रात में ठंडी हवाएं चलने के कारण लोग इनके आसपास जुटे रहे।