मथुरा। फरह थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुई इनवर्टर-बैटरी व अन्य कीमती वस्तु चोरी के मामले के एक आरोपी की एसीजेएम-4 कोर्ट से पांच घंटे की पुलिस रिमांड मंजूर हुई है। मंगलवार को पुलिस उसे अपनी अभिरक्षा में सुबह 11 बजे जेल से लेगी। चोरी का माल बरामद करने के बाद शाम चार बजे फिर से जेल में दाखिल किया जाएगा।
सहायक अभियोजन अधिकारी वीरेंद्र कुमार सेठ ने बताया कि फरह थाने में दो जनवरी 2024 को एक मुकदमा कल्पना पचौरी निवासी कढेरपुरा, फरह द्वारा दर्ज कराया गया था। इसमें आरोप था कि 31 दिसंबर 2023 की रात को उनके घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर घुसा और घर से जेवरात सहित अन्य माल चोरी कर ले गया है। पुलिस ने मामले की जांच की तो राजा पुत्र अनवार निवासी शाही सराय, फरह का नाम प्रकाश में आया था।
आरोपी ने पुलिस की गिरफ्तारी से बचने को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। सहायक अभियोजन अधिकारी के अनुसार फरह थाने के एसआई नितिन तेवतिया द्वारा एसीजेएम-4 कोर्ट में आरोपी राजा से माल बरामदगी के लिए पुलिस रिमांड की मांग करते हुए अर्जी दी थी। कोर्ट ने अभियोजन पक्ष की दलीलों को सुनने के बाद पांच घंटे की रिमांड मंजूर कर दी है।