वृंदावन। पागल बाबा मंदिर स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय के ऑपरेशन थिएटर में मंगलवार को आग लग गई। दमकल के आने से पहले आग पर काबू पा लिया गया। किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है।
मंगलवार की दोपहर करीब तीन बजे सौ शैय्या अस्पताल के प्रथम तल पर बने ऑपरेशन थिएटर में आग लग गई। देखते ही देखते कमरे में धुआं भर गया। गनीमत रही कि उस वक्त कोई मरीज ऑपरेशन के लिए नहीं था। वहां मौजूद स्टाफ आग बुझाने की कोशिश में लग गया। सूचना पाकर सीएमएस डॉ. देवेंद्र सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने फायर ब्रिगेड को सूचित किया। कुछ देर बाद दमकल की गाड़ी पहुंच गई, लेकिन तब तक आग को बुझा लिया गया।
सीएमएस ने बताया कि आग के कारणों का पता नहीं लगा है। दो दिन पहले एसी ठीक कराए थे, प्रथम दृष्टया एसी से निकली चिंगारी नीचे पड़े कपड़ों पर गिरी, जिससे आग लग गई। थोड़ा फर्नीचर और एसी जला है। मशीनें भी आग से झुलस में गईं हैं। बता दें कि कुछ माह पहले अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग में आग लग गई थी। उस समय अस्पताल में लगे आग बुझाने के ज्यादातर उपकरण ख़राब मिले थे। सीएमएस के अनुसार, अग्निशमन यंत्रों को ठीक करने या बदलवाने के लिए शासन को पत्र लिखा हुआ है।