मथुरा। कृष्णानगर के राधिका बिहार बिजलीघर के चैतन्य विहार में शनिवार सुबह नौ बजे के करीब आउटडोर फुंकने के कारण आधे शहर की विद्युत आपूर्ति गुल हो गई। विद्युत निगम के अधिकारियों ने आननफानन यहां कार्य शुरू किया, देर शाम तक बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी थी।
पिछले एक सप्ताह के अंदर शनिवार को तीसरे दिन कृष्णानगर के राधिका विहार बिजलीघर से संचालित चैतन्य विहार की लाइन में फिर फॉल्ट हो गया। इस बार आउटडोर फटने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित रही। सुबह नौ बजे अचानक आउटडोर में आग लगी और उसने काम करना बंद कर दिया। इसकी जानकारी अधिकारियों को लगी तो उन्होंने आननफानन मौके पर टेक्निकल टीम को भेज दिया। सुबह 10 बजे टीम को शटडाउन दिया गया। आउटडोर फुंकने के कारण आधे शहर की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इसमें कृष्णानगर, भूतेश्वर, राधिका बिहार, सौंख रोड, मंडी समिति, गोवर्धन रोड, राधिका विहार फेस-2, अमर काॅलोनी, गिरधरपुर रोड, तुलसी नगर समेत आधे शहर के निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
एसडीओ रमेश सोनी ने बताया कि आउटबॉक्स में आग लगने के कारण कुछ देर के लिए विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। हालांकि जैसे ही आउटडोर में फुंका राधिका विहार बिजली से लाइन काटकर कृष्णानगर बिजली घर से आपूर्ति सुचारू कर दी गई।
कृष्णानगर में हुआ ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग का कार्य
कृष्णा नगर के बाजार को एक मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए नगर निगम जुट गया है। इसके लिए सबसे पहले बीच रास्ते में लगे विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मरों की शिफ्टिंग का कार्य किया जा रहा है।
शनिवार को कृष्णा प्लाजा के पास रखे 250-250 केवी के दो ट्रांसफार्मरों को हटाकर कर्मचारियों ने यहां 400 केवी का एक ट्रांसफार्मर स्थापित किया है। एसडीओ रमेश सोनी ने बताया कि नगर निगम ने विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मर चिह्नित करके बता दिए हैं, लोगों को परेशानी न हो इसका ध्यान रखते हुए शिफ्टिंग का कार्य कराया जा रहा है। जो ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग किए गए हैं वहां 250-250 केवी के दो ट्रांसफार्मर रखे हुए थे। इनके स्थान पर 400 केवी का एक ट्रांसफार्मर रखवा दिया है, ताकि स्थान की बचत हो सके।