मथुरा। पुलिस ने खुद को आयकर विभाग में ज्वाइंट कमिश्नर बताकर झांसा देने वाले अलीगढ़ निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी से विजिटिंग कार्ड व अन्य सामग्री बरामद हुई। वह खुद को चंडीगढ़ में तैनात बताकर पुलिस पर अपने लापता रिश्तेदार की तलाश को दबाव बना रहा था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
सीओ सदर प्रवीण मलिक ने बताया कि बृहस्पतिवार को प्रभात कुमार पुत्र बृजराज सिंह निवासी दीवा हमीदपुर, पिसावा, अलीगढ़ सिविल लाइन चौकी पर पहुंचा। उसने अपना परिचय आयकर विभाग चंडीगढ़ में ज्वाइंट कमिश्नर का रूप में दिया।
उसने बताया कि वह अपने रिश्तेदार सोनू उर्फ पुनीत सोलंकी पुत्र रोहताश सोलंकी निवासी सरसई नरू, अमापुर, कासगंज के साथ यहां आया था, जो कि थाना सदर बाजार क्षेत्र में कहीं गुम हो गया है। उसकी तलाश में मदद करो। पुलिस ने उससे पूछा कि इस क्षेत्र में सोनू के होने का कोई प्रमाण है, ताकि उसकी तलाश शुरू की जाए। इसी बात पर वह बहस करने लगा कि सुराग तलाशना पुलिस का काम है और अनावश्यक दबाव बनाने लगा।
चौकी प्रभारी कपिल नैन को शक हुआ तो सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकारा कि वह कोई अधिकारी नहीं है। रौब दिखाने व अपना काम निकलवाने के लिए फर्जी विजिटिंग कार्ड बनवा लिए हैं। सीओ के अनुसार आरोपी से 71 फर्जी विजिटिंग कार्ड बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शुक्रवार को जेल भेज दिया।