मथुरा। वृंदावन में हुए घटनाक्रम के बाद मथुरा-वृंदावन नगर निगम अब सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण करने वालों पर सख्ती करने जा रहा है। इसके लिए ऐसे लोग चिह्नित किए जा रहे हैं, जिन्होंने किसी न किसी तरह सरकारी जमीन पर कब्जा किया हुआ है।
नगर आयुक्त शशांक चौधरी ने नगर निगम मथुरा-वृंदावन क्षेत्रांतर्गत भूमाफिया एवं अवैध अतिक्रमणकरियों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाए जाने के लिए निर्देशित किया है। नगर आयुक्त ने नगर निगम की टीम को निर्देशित किया है निगम की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा मिले तो अभियान चलाकर मुक्त कराया जाए तथा अवैध कब्जा करने वाले लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। दोषियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई जाए।
इसी क्रम में निगम की टीम लगातार सरकारी जमीनों को चिह्नित कर रही है और अतिक्रमण करने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है।