मथुरा। निकाय चुनाव के लिए मतदान में अब सिर्फ एक दिन बाकी है। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से मथुरा-वृंदावन नगर निगम सहित सभी 15 निकायों को 24 जोनल और 57 सेक्टरों में बांटा गया है। इस दायरे में 113 संवेदनशील, 118 अतिसंवेदनशील और 32 अतिसंवेदनशील प्लस मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसी व्यवस्था के तहत मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
चार मई को जनपद में मतदान होने जा रहा है। मथुरा-वृंदावन नगर निगम में 117 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 58 संवेदनशील और 72 अतिसंवेदनशील हैं। इनके अलावा 17 को अतिसंवेदनशील प्लस की सूची में रखा गया है। इसी तरह जनपद की एक मात्र नगर पालिका कोसीकलां में बनाए गए 14 मतदान केंद्र में नौ संवेदनशील, दो अतिसंवेदनशील और तीन अतिसंवेदनशील प्लस की श्रेणी में शामिल हैं। छाता में नौ को इन तीनों ही श्रेणी में रखा है। चौमुहां में पांच, राया में छह, गोकुल में चार, बलदेव, महावन, बाजना में तीन-तीन केंद्र हैं, जबकि बरसाना में 13 केंद्र अतिसंवेदन और अतिसंवेदनशील प्लस श्रेणी में है। राधाकुंड में पांच अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों को देखते हुए प्रशासन ने मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। मथुरा-वृंदावन नगर निगम को आठ जोनल, 23 सेक्टरों में बांटा गया है। कोसीकलां नगर पालिका क्षेत्र को तीन जोनल और छह सेक्टर में सुरक्षा प्रबंध रहेंगे। इनके अलावा बाकी सभी निकायों में एक-एक जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। इनके अधीन आवश्यकतानुसार दो से चार सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती अलग-अलग इलाकों में की गई है।
यहां से रवाना होंगी पोलिंग पार्टी
सदर तहसील- नगर निगम और फरह नगर पंचायत
मंडी परिसर मथुरा
गोवर्धन तहसील- गोवर्धन, सौंख, राधाकुंड, बरसाना नगर पंचायत
नवीन सब्जी मंडी समिति गोवर्धन
छाता तहसील- कोसीकलां, छाता, चौमुहां, नंदगांव नगर पंचायत
सरस्वती विद्या मंदिर गोवर्धन मार्ग छाता
मांट तहसील- बाजना, राया नगर पंचायत
श्रीबृज आदर्श इंटर कालेज मांट
महावन तहसील- महावन, गोकुल और बलदेव नगर पंचायत
ऋषिकुल इंटरनेशनल स्कूल प्रेम नगर महावन