मथुरा। स्कूल गेम फेडरेशन कार्यालय में तैनात राष्ट्रीय पदक विजेता तलवारबाज कन्हैया गुर्जर के खिलाफ अज्ञात लोगों ने उच्चाधिकारियों को ई-मेल के जरिये संदेश भेजे हैं। कन्हैया गुर्जर ने खुद को इस प्रकरण में पीड़ित दर्शाते व ई-मेल भेजने वालों पर बदनाम करने का आरोप लगाते हुए हाईवे थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
हाईवे थाना क्षेत्र की अमर काॅलोनी निवासी राष्ट्रीय पदक विजेता कन्हैया गुर्जर का आरोप है कि लोकेश, विकास, ओवकेश, यादव प्रदीप कुमार के नाम से बनी ई-मेल आईडी से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मेल भेजे गए हैं। इनमें उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई है। संदेश में उन्हें अपराधी बताने के साथ ही अन्य तरह-तरह की झूठी बातें लिखी हैं। संदेश उनके परिचितों सहित खेल विभाग के बड़े अधिकारियों को भेजे गए हैं।
आरोपी उन्हें भी मेल कर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पांच माह पूर्व थाना हाईवे में इस प्रकरण की शिकायत की थी, साइबर क्राइम पुलिस द्वारा जांच होने के बाद प्रकरण में हाईवे थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। जानकारी मिली है कि संदेश भेजने वाले हरियाणा, आगरा, भोपाल से हैं। इंस्पेक्टर हाईवे उमेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।