मथुरा के महिला जिला अस्पताल में अचानक बिजली गुल हुई तो मरीजों का उपचार मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में हुई। वहीं बत्ती के जाने से मरीज गर्मी में व्याकुल दिखाई दिए।
मथुरा के जिला महिला अस्पताल के ओपीडी विभाग में बिजली ने महिला डॉक्टर के साथ मरीजों के भी पसीने छुड़ा दिए। बिजली गुल हो जाने पर अस्पताल की वैकल्पिक व्यवस्था भी ठप हो गई। डॉक्टर के कक्ष में अंधेरा होने पर मोबाइल टॉर्च की रोशनी में डाॅक्टरों ने उमसभरी गर्मी के बीच महिला मरीजों को देखा। इससे महिला मरीजों को भी परेशानी हुई।
विज्ञापन
Trending Videos
जिला महिला अस्पताल के ओपीडी विभाग में शनिवार को महिला रोग विशेषज्ञ डाॅ. कृष्णा शर्मा एवं डाॅ. दिव्या महिलाओं को देख रही थीं। डाॅक्टर के कक्ष के बाहर महिला मरीजों की लाइन लग रही थी, तभी दोपहर बिजली गुल हो गई। कुछ समय बिजली आने का इंतजार किया, लेकिन जब नहीं आई तो महिला डॉक्टरों ने मोबाइल टॉर्च की रोशनी में महिला मरीजों की जांच और उन्हें परामर्श दिया।
करीब आधा घंटे तक बिजली न आने से डाॅक्टर के कक्ष में अंधेरा होने के साथ ही पंखा भी बंद हो गया। कक्ष की खिड़की भी बंद होने के कारण उमसभरी गर्मी के बीच डॉक्टर और मरीज पसीना में भीग रहे थे। मोबाइल टार्च में महिला रोगियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल में लगे जेनरेटर और इन्वर्टर ने भी काम नहीं किया।
जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डाॅ. शोभावती ने बताया कि अस्पताल में बिजली जाने पर वैकल्पिक व्यवस्था के दौरान जेनरेटर और इन्वर्टर की सुविधा है, लेकिन फॉल्ट होने की वजह से यह काम नहीं कर सके। कुछ देर में ही बिजली की आपूर्ति सुचारू हो गई।