मथुरा। जिला सहकारी संघ की तरह जिला सहकारी बैंक के निदेशक मंडल में भी भाजपा के विधायक और दिग्गज नेताओं के भाई-भतीजे ही निर्वाचित हो गए। इनमें से कई निदेशक जिला सहकारी संघ में भी शामिल हैं। इसी को लेकर पिछले दिनों जिलाध्यक्ष मधु शर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस दौरान मधु शर्मा और विधायकों के बीच झड़प भी हो गई थी। सभापति व उपसभापति का चुनाव शुक्रवार को होगा, जिनमें निदेशक मंडल के सदस्य भी हिस्सा लेंगे।
जिला सहकारी बैंक की प्रबंध समितियों के 9 निर्वाचित क्षेत्रों से निदेशक मंडल के 14 सदस्यों का निर्वाचन बृहस्पतिवार को सर्वसम्मति से किया गया। इनमें निरंजन सिंह धनगर, जगदीश कुमार, नरदेव चौधरी, पातीराम, मूर्ति देवी , सर्वेश देवी, सुरेंद्र सिंह, निहाल सिंह आर्य, राकेश देवी, जितेंद्र सिंह, शर्मिला धनगर, उमेश प्रताप सिंह और बनवारी सिंह का नाम शामिल है। नरदेव सिंह पूर्व एमएलसी स्व. लेखराज सिंह के पुत्र हैं, जबकि जितेंद्र सिंह विधायक राजेश चौधरी के भाई हैं।
उमेश प्रताप सिंह एमएलसी ठाकुर ओमप्रकाश सिंह के पुत्र हैं। निरंजन सिंह धनगर और उनकी पत्नी शर्मिला धनगर दोनों को स्थान मिल गया है। इनके अलावा कुछ विधायक और दिग्गज नेताओं ने अपने रिश्तेदारों को जिला सहकारी बैंक में निदेशक मंडल में निर्वाचित कराने में सफलता हासिल की है। जिला सहकारी संघ में भी विधायकाें के ही भाई-भतीजे ही निर्वाचित हुए थे। इसी को लेकर विधायक और जिलाध्यक्ष के बीच विवाद हुआ था। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी हरीबाबू भारती ने बताया कि सभापति और उपसभापति के साथ विभिन्न संस्थाओं के लिए भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों के लिए चुनाव 23 जून को होगा।