वृंदावन। कात्यायनी पीठ मंदिर में मंगलवार शाम को 4 बजे वर्ष में दो बार होने वाली संधि आरती की गई। जिसके दर्शन के लिए मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ लग गई।
मंदिर जयकारों से गुंजायमान हो गया। मां कात्यायनी की भक्ति का अनूठा नजारा यहां देर शाम तक देखने को मिला। आरती दर्शन करने के लिए एडीजी आगरा जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ एवं एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय भी पहुंचे।
नवरात्र की अष्टमी तिथि के अवसर पर मंगलवार को कात्यायनी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। शाम 4:04 बजे अष्टमी और नवमी तिथि के मिलन की बेला में होने वाली संधि आरती में शामिल होने के लिए देवी भक्त एक घंटे पहले से ही मंदिर में आना शुरू हो गए।
गुप्त शक्ति पूजा के दौरान मां के मंदिर के पट बंद होने पर श्रद्धालु वर्ष भर में एक बार होने वाले विशेष दर्शन की एक झलक पाने को लालायित दिखे। भक्तों ने मां के विशेष शृंगार के दर्शन किए। डमरू, घंटा-घड़ियाल और नगाड़ों के मध्य मां कात्यायनी की संधि आरती की गई।
कात्यायनी पीठ मंदिर के प्रबंधक राजेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मंदिर में नवरात्र के दौरान अष्टमी और नवमी तिथि के मिलन पर मां कात्यायनी की संधि आरती की जाती है।