बाजना (मथुरा)। कस्बा स्थित नाले में लापता युवक का सड़ा-गला शव मिला है। युवक के परिजन मौके पर पहुंचे और शिनाख्त की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बाजना के गांव जरैलिया निवासी अमित कुमार (33 वर्ष) पुत्र जगवीर सिंह 13 अप्रैल शाम को घर से निकला और वापस नहीं पहुंचा। परिजन ने काफी खोजबीन की, मगर कोई सुराग नहीं लग सका तो गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मंगलवार दोपहर राहगीरों को महारामगढ़ी नाले में शव पड़ा दिखाई दिया, जो कई दिन पुराना था और पानी में पूरी तरह गल चुका था। सूचना पर सीओ रविकांत पाराशर व इंस्पेक्टर अरुण कुमार बाल्यान मौके पर पहुंचे।
युवक के पिता जगवीर सिंह ने अमित की पहचान की। पहचान करते ही पिता जगवीर सिंह गश खाकर गिर पड़े, जिन्हें पुलिस और परिजन ने संभाला। परिजन में चीख-पुकार मच गई। इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि करीब 20 दिन से लापता युवक अमित की पहचान पिता जगवीर सिंह ने पेट पर लगे टांकों से की है। शव कई दिन पुराना है। परिजन ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है।