वृंदावन (मथुरा)। जन-जन के आराध्य ठाकुर श्रीबांकेबिहारी लाल के देशी-विदेशी फूलों से सजे फूल बंगले में विराजमान छटा के दर्शन अब भक्तों को अगले वर्ष की ग्रीष्मकाल में सुलभ होंगे। ग्रीष्मकाल में 109 दिन तक चलने वाली फूल बंगला सेवा का समापन रविवार को हो रहा है। सप्ताहांत पर फूल बंगला महोत्सव के अंतिम दिन भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।
संगीत शिरोमणि स्वामी हरिदासजी के लाडले ठाकुर श्रीबांकेबिहारी की सेवा परंपरा सबसे अनूठी है। सेवायतों ने ग्रीष्मकाल में कन्हैया को भीषण गर्मी में शीतलता प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार के फूलों से सजे बंगले यानि कुटिया में विराजित किया जाता है। वैसे तो ठाकुरजी को फूलों से सजी कुटिया में विराजित करने की परंपरा करीब साढ़े चार सौ वर्षों से अधिक प्राचीन है, लेकिन समय के साथ इसमें बदलाव आते गए।
स्वामी हरिदासजी की वंश परंपरा के गोस्वामीजन पहले केले के पत्ते, रायबेल, गुलाब, कनेर, चमेली व हरे पत्तों से इसकी सज्जा करते थे, लेकिन अब फूल बंगला बनाने में विदेशी फूलों का इस्तेमाल भी होने लगा है। इसकी लागत दस से पंद्रह लाख तक भी हो जाती है। चैत्र शुक्ल पक्ष की कामदा एकादशी को शुरू हुई ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में फूल बंगला सजाने की प्रक्रिया 4 अगस्त को हरियाली अमावस्या पर खत्म हो जाएगी।
इस सीजन में 109 दिन में कुल 218 फूल बंगला की सेवा भक्तों ने की। अंतिम दिन फूलों के डोल में सजे अपने आराध्य की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है।