थाना रिफाइनरी क्षेत्र में बाद पुलिस चौकी के निकट पूर्व प्रधान की कार से दो लाख की नकदी से भरा बैग एक किशोर ने पार कर दिया। गांव बाद के पूर्व प्रधान विपिन पांडे शाम चार बजे आल्टो कार में दो लाख की नकदी, एक लाख रुपये की तीन एफडीआर और एक कैमरा लेकर नगर पालिका कार्यालय मथुरा किसी काम से जा रहे थे। बैग कार में रखा था।
जब वे बाद गांव स्थित चौकी के निकट पहुंचे तो उनके मोबाइल पर फोन आया और वे लंबी बात करने लगे। बातों के दौरान विपिन पांडे के पास एक 17 वर्षीय किशोर आया और कहा कि उनकी कार से ऑयल लीक हो रहा है।
इस पर विपिन पांडे कार का बोनट खोलकर इंजन और गाड़ी के नीचे तेल चेक करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान किशोर खुली पड़ी गाड़ी से रुपयों से भरा बैग लेकर गायब हो गया। मामले में शाम को विपिन पांडे ने रिफाइनरी पुलिस को तहरीर दी है।