दो भाइयों के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने पहुंची बहन की जान चली गई। भाइयों में मारपीट हो रही थी। बीचबचाव में बहन जमीन पर गिर गई और सिर में कोई नुकीली चीज लग गई। मामले में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
गांव सेहत में सोमवार को अन्नू और तूफान दोनों सगे भाई में झगड़ा होने लगा। हाथापाई शुरू हो गई। जब झगड़ा बढ़ा तो घर पर मौजूद इनकी बहन राजो पत्नी नौहबत आ गई। बीचबचाव कराने लगी। इसी दौरान राजो गिर गई और उसके सिर में नुकीली चीज लग गई। परिवार वाले आननफानन में अस्पताल ले गए। यहां से जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
थाना प्रभारी प्रवीण सिंह मान ने बताया कि मंगलवार रात तक राजो बिल्कुल सही थी लेकिन बुधवार की सुबह चार बजे उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतका के सिर में चोट लगी थी। बहन को लेकर ही भाइयों में झगड़ा हुआ था।
काफी दिन से बहन अपने भाई तूफान के पास रह रही थी और ससुराल गांव देवड़ा, मांट नहीं जा रही थी। इसको लेकर अन्य तीन भाई विरोध कर रहे थे। झगड़े में बहन की जान चली गई। थाना प्रभारी ने बताया कि भाई तूफान की तहरीर पर अन्य तीन भाइयों के खिलाफ धारा 304 में मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है।