आगरा मंडल की पुलिस जिस वक्त शैलेंद्र पर बड़ी कार्रवाई में जुटी थी ठीक उसी वक्त मथुरा से स्थानांतरित एक पुलिस अधिकारी की एक बड़े होटल में पार्टी चल रही थी। यह होटल शैलेंद्र के खास रिश्तेदार का है और यहीं पर ऊपर से आदेश आते ही पुलिस की टीमें शैलेंद्र के घर दबिश के लिए रवाना कर दी गईं।
शाम सात बजे के बाद से ही पुलिस के अधिकारी विदाई समारोह का हिस्सा बनने शहर के नामी होटल में एकत्र होने लगे। यहां पर लोग पार्टी का आनंद ले रहे थे कि आगरा से आई काल ने पुलिस को चौंका दिया। चूंकि होटल शैलेंद्र के रिश्तेदार का था लिहाजा कार्रवाई में पुलिस ने सतर्कता बरती।
होटल मालिक को भनक भी न लगी और उसके रिश्तेदार शैलेंद्र के घर के पास पुलिस जमा होने लगी। इस कार्रवाई में पुलिस ने शैलेंद्र के घर के ठीक दस कदम की दूरी पर रात 10:30 बजे ही भारीभरकम पुलिस बल तैनात कर दिया। शैलेंद्र के घर में पहुंचने से पहले ही पुलिस ने म्यूजियम के पास इतनी चहलकदमी की कि पूरे डैंपियरनगर में हल्ला मच गया कि कोई बड़ी कार्रवाई होनी है।
इसके बाद पुलिस ने औपचारिकता निभाते हुए शैलेंद्र के घर में छापेमारी की। खास बात यह रही कि छापेमारी तब हुई जब शैलेंद्र के रिश्तेदार के होटल में पुलिस की पार्टी खत्म हो चुकी थी। पुलिस का यह रवैया पूरे दिन शहर में चर्चा का विषय बना रहा।