थाना क्षेत्र के बरसाना मार्ग पर मंगलवार दोपहर ट्रैक्टर की टक्कर से सड़क पार कर रहीं राधाकुंड के जोशी मोहल्ला निवासी सरला देवी (56) की मौत हो गई। चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग खड़ा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया। इधर, बलदेव क्षेत्र के अवैरनी चौराहे के समीप डंपर की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
सरला देवी पत्नी श्यामसुंदर मंगलवार दोपहर बरसाना जाने के लिए सरस्वती तिराहे से सड़क पार कर रही थीं, तभी हादसा हो गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इधर, गांव छौली बलदेव निवासी विक्रम (40) पुत्र वेदप्रकाश बाइक से अपने गांव से अवैरनी चौराहे के तरफ जा रहे थे। चौराहे के पास ही डंपर से उनकी टक्कर हो गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा और डंपर को कब्जे में ले लिया। चालक मौके से भाग गया।
एक्सप्रेसवे पर पुलिस की गाड़ी में कार ने मारी टक्कर
यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार रात गश्त कर रहे सीओ मांट संजय कुमार की गाड़ी में पीछे से एक कार टकरा गई। उनकी गाड़ी बाजना के समीप खड़ी हुई थी। हादसे में सीओ समेत पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। हादसे के बाद युवक कार दौड़ा ले गए।
कार में सवार संदिग्ध होने के शक में पुलिस ने पीछा कर जेवर टोल पर कार सवार युवक पकड़ लिए। पकड़े युवक दिल्ली के रहने वाले हैं, जो शादी समारोह में भाग लेकर लौट रहे थे। पकड़े गए कार सवार युवक रिंकू और सोनू निवासी चिराग नगर दिल्ली हैं।