थाना क्षेत्र के गांव भीमा में दूध लेने गए दूधिया गोपाल (20) को पहले गोली मारकर घायल किया गया, फिर बेल्ट से उसका गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया गया। घर न लौटने पर चिंतित परिवारीजनों ने खोजबीन की तो उसका शव अचरु माइनर के समीप मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण किया।
गोपाल निवासी पड़रारी शनिवार शाम को अपने भाई कप्तान सिंह के साथ साइकिल से नगला भीमा में दूध लेने गए थे। दोनों भाई दूध लेकर लौट रहे थे, रास्ते में कप्तान सिंह सादाबाद रोड पर गौतम कोल्ड स्टोर के पास से लौट गए।
गोपाल साइकिल से आगे चले आए। देर रात कप्तान सिंह तो घर पर पहुंच गए, लेकिन गोपाल घर नहीं पहुंचे। उनकी खोजबीन की तो उनका अचरु माइनर के पास प्रताप सिंह के खेत के समीप उनकी साइकिल पड़ी मिली और कुछ ही दूरी पर उनका शव पड़ा था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक हत्यारों ने पहले गोपाल के सिर से सटाकर गोली मारी और बाद में उसके बेल्ट से उसका गला घोंटा। घटना के संबंध में कप्तान सिंह ने थाना राया में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हत्या में हो सकता है परिचित का हाथ
गांव पड़रारी के दूधिया गोपाल की हत्या में उसके किसी परिचित का हाथ होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस का मानना है कि गोपाल की हत्या में उसके किसी खास का हाथ है। मरने से पहले गोपाल ने उनको पहचान लिया होगा। गोली मारने के बाद भी हत्यारों ने बेल्ट से उसका गला घोंट दिया। पुलिस जल्द खुलासे का दावा कर रही है।