बांके बिहारी नेत्र चिकित्सालय में ऑपरेशन के बाद मरीजों की आंखों की रोशनी जाने के मामले में लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी जांच कमेटी संस्था के पदाधिकारियों का इंतजार करती रही, लेकिन कोई बयान देन नहीं पहुंचा। अब कमेटी बिना बयान दर्ज किए रिपोर्ट तैयार करने में जुट गई है।
पूरे मामले में डीएम द्वारा गठित जांच समिति दिन भर संस्था की गतिविधियों के रिकॉर्ड खंगालती रही। जांच टीम में शामिल एक सदस्य के अनुसार दूसरे दिन संस्था की ओर से अधिवक्ता के साथ एक महिला और पुरुष पहुंचे, लेकिन जांच अधिकारी नगर मजिस्ट्रेट हेम सिंह ने उन्हें संस्था के सभी कागज, अब तक कराये गये कार्यों का संपूर्ण लेखा-जोखा लेकर आने को कहा। इसके बाद देर रात तक संस्था की ओर से कोई व्यक्ति अपने बयान देने के लिये नहीं पहुंचा। बताया गया कि संस्था की ओर से एक शपथ पत्र दाखिल किया गया है जिसमें सभी ऑपरेशन डा. आशुतोष मिश्रा द्वारा किये जाने की बात कही गई है।
डीएम से मिले जांच कमेटी के अध्यक्ष
जांच समिति के अध्यक्ष व नगर मजिस्ट्रेट हेम सिंह तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.बीएस यादव ने बुधवार को डीएम राजेश कुमार से मुलाकात कर अब तक की जांच प्रगति के बारे में अवगत कराया। डीएम ने जल्द से जल्द रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
जेडी ने जुटाए सबूत, एसएन मेडिकल कॉलेज भी गये
पूरे प्रकरण में शासन की ओर से भी नजर रखी जा रही है। इस मामले में शासन की ओर संयुक्त निदेशक आरके नायर सहित तीन सदस्यीय टीम ने अपने स्तर से जांच कर सबूत जुटाए हैं। टीम ने बांके बिहारी नेत्र चिकित्सालय, मरीजों के परिजनों से बात करने के साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में संस्था के प्रपत्र जुटाए। टीम बुधवार दोपहर को आगरा एसएन मेडिकल कालेज रवाना हो गई। यहां भर्ती मरीजों से हालचाल जाना।
प्रमुख सचिव को भेजी आख्या- सीएमओ
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. बीएस यादव ने बताया अंखफोड़वा कैंप को लेकर प्रमुख सचिव ने जो रिपोर्ट मांगी थी उसकी आख्या बुधवार को सुबह प्रेषित कर दी गई है। मुख्यालय से आई टीम ने जो कागज मांगे थे हमने उपलब्ध करा दिये हैं।