ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में रविवार की दोपहर वीआईपी गैलरी में दर्शनों को लेकर हरियाणा पुलिस के एएसआई और सुरक्षा गार्ड के बीच विवाद हो गया। हाथापाई और धक्का मुक्की तक हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एएसआई को हिरासत में ले लिया। लिखित माफीनामा देने पर मामला शांत हो सका। मंदिर प्रबंधन ने हरियाणा पुलिस के एएसआई की शिकायत की है।
रविवार की दोपहर करीब 12 बजे हरियाणा पुलिस में तैनात एएसआई मुकुंदलाल अपने परिवार के 7 सदस्यों को लेकर ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंचे। उन्होंने वीआईपी गैलरी के गेट पर खड़े मंदिर के निजी सुरक्षा गार्ड से दरवाजा खोलकर अंदर जाने देने के लिए कहा।
गार्ड मोहित ने तीन सदस्यों को अंदर कर लिया जबकि चार के लिए उसने मना करते हुए एएसआई से प्रबंधन कार्यालय से एंट्री रसीद लाने को कह दिया। इससे मुकुंद लाल भड़क गए और गार्ड से गाली गलौज कर दी। उनमें हाथापाई होने लगी।
मंदिर में अफरा-तफरी मच गई। इस पर मंदिर में तैनात बांके बिहारी पुलिस चौकी के सिपाहियों ने एएसआई को हिरासत में ले लिया। बांके बिहारी मंदिर के प्रबंधक मुनीष शर्मा गार्ड और एएसआई को लेकर मंदिर कार्यालय पहुंचे। यहां एएसआई मुकुंदलाल के माफीनामा लिखकर दिया।
प्रबंधक मुनीष शर्मा ने बताया कि मंदिर प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष नंदकिशोर उपमन्यु के आदेशानुसार मामले में कोतवाली में तहरीर दी है। साथ ही हरियाणा पुलिस के करनाल स्थित मुुख्य कार्यालय में भी शिकायत दर्ज कराई गई है।