राष्ट्रीय राजमार्ग और राज्य मार्ग पर मदिरा की दुकानें शनिवार से नजर नहीं आएंगी। शुक्रवार की रात 11 बजे से 195 दुकानों को बंद करा दिया गया। आबकारी विभाग ने शुक्रवार की सुबह ही दुकानें बंद करने के लिए दुकान स्वामियों को आदेश जारी कर दिया था।
कोटवन से लेकर रैपुराजाट तक 90 किमी नेशनल हाईवे पर मदिरा की 140 दुकानें हैं। इसके अलावा राज्य मार्ग 33/80 जाजमपट्टी से होता हुआ धौलीप्याऊ, राया, सोनई होकर गुजरता है। इस पर मदिरा की 55 दुकानें हैं।
सुप्रीम कोर्ट के नेशनल हाईवे और राज्य मार्ग से मदिरा की दुकानें हटाने के निर्देश पर आबकारी विभाग मुस्तैद दिखा। शुक्रवार को सहायक आबकारी आयुक्त चंद्रशेखर ने इन दुकान स्वामियों को सख्त लहजे में कहा कि रात 11 बजे से कोई दुकान नहीं खुलनी चाहिए।
सहायक आबकारी आयुक्त ने बताया कि नेशनल हाईवे से 500 मीटर हटकर मदिरा की दुकान खोली जाएगी। राज्य मार्ग पर भी ऐसा ही पालन कराया जाएगा। सहायक आबकारी आयुक्त ने बताया कि मदिरा की दुकानें शुक्रवार की रात 11 बजे से बंद मिलेंगी।