मथुरा। वृंदावन कोतवाली क्षेत्र स्थित कुंभ मेला की जमीन पर कम कीमत में प्लाॅट काटने के आरोप में पुलिस ने दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस इनके खातों को सीज करने की तैयारी में जुट गई है, ताकि यह खातों से पैसे का लेनदेन न कर सकें।
एक मई को मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता कौशलेंद्र चौधरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 अप्रैल को वृंदावन परिक्रमा मार्ग से देवरहा बाबा घाट को जाने वाले मार्ग के दाहिनी ओर कुंभ मेला जमीन पर बिल्डर टेंट लगाकर प्लॉटों की खरीद-फरोख्त कर रहा है। 21 रुपये में रजिस्ट्रेशन, प्लाॅट की 30 प्रतिशत धनराशि देने पर प्लाॅट की बुकिंग तथा 40 प्रतिशत देने पर पीडीसी चेक लेकर प्लाॅट की रजिस्ट्री की जा रही है। योजना के तहत 50 गज से 500 गज तक के प्लॉट बहुत ही सस्ते रेट पर आसान किश्तों में बेचे जा रहे हैं। जमीन के स्वामित्व संबंधी कागजात मांगने पर उन्होंने बताया कि कागजात मालिकान के पास हैं, इसलिए हम नहीं दे सकते। बिल्डर द्वारा बेची जा रही जमीन वृंदावन में यमुना के खादर में है, जो मथुरा-वृंदावन महायोजना (पुनरीक्षित) वर्ष 2021 के अनुसार बाढ़ग्रस्त क्षेत्र है, जो आवासीय प्रयोग में नहीं लाई जा सकती है।
संबंधित उपरोक्त बिल्डर द्वारा फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों द्वारा लोगों को गुमराह कर व सस्ते रेट पर प्लॉटों का प्रलोभन देकर उनके साथ ठगी की जा रही है। पुलिस ने अधिशासी अभियंता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले में हरियाणा के नूंह स्थित गांव पल्ला निवासी इमरान खान और उसकी पत्नी को नई दिल्ली स्थित न्यू फ्रैड्स कॉलोनी स्थित फ्लैट से गिरफ्तार किया।
एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी ने बताया कि उसने कुंभ मेला जमीन से चार किलोमीटर दूर डेढ़ बीघा जमीन किसान से खरीदी है। इसी आधार पर उसने 72 हजार स्क्वायर यार्ड का प्रोजेक्ट तैयार किया। यदि प्लाॅट खरीदने वाला कोई व्यक्ति जमीन की रजिस्ट्री दिखाने को कहता था तो वह किसान से खरीदी गई जमीन की रजिस्ट्री दिखाकर उसे गुमराह कर देता। कुंभ मेला जमीन के नाम पर उसने कितने लोगों को ठगा है इसकी जानकारी अभी नहीं हुई है। पुलिस आरोपी की संपत्ति की जांच के साथ उसके खातों को सीज करने की तैयारी कर रही है। एसएसपी ने बताया कि पूर्व में अलीगढ़ के टप्पल थाने में आरोपी और उसकी पत्नी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
आई एंड एस बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड नाम से बनाई कंपनी
सीओ सदर प्रवीण मलिक ने बताया कि आरोपी ने आई एंड एस बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड से एक कंपनी पंजीकृत करा रखी है। इसकी मैन ब्रांच प्रीतमपुरा दिल्ली, कालिन्द्री कुंज शाइन बाग दिल्ली, सेक्टर 02 नोएडा, डावरी, ऑफिस सीसी कांप्लेक्स नई दिल्ली है। यहां कूटरचित दस्तावेज तैयार कर, फर्जी स्कीम लांच कर प्रलोभन देकर फर्जी प्लॉटिंग कर लोगो से ठगी करता है।