उत्तर प्रदेश के मथुरा में कोरोना संक्रमितों के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। यहां कोरोना पॉजिटिव मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। शनिवार को भी तीन संक्रमित मिले। अब जिले में 14 एक्टिव केस हो गए हैं। वहीं जिला प्रशासन ने संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जनपद में कोविड गाइडलाइन जारी कर दी है।
तीन व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई
जिले में लगातार कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। 24 घंटे के अंदर तीन व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें एक महिला सौंख रोड निवासी है। एक पुरुष कन्हैया कुंज सदर निवासी हैं। जबकि तीसरे संक्रमित व्यक्ति महोली रोड स्थित आशापुरी कॉलोनी के रहने वाले हैं।
अब तक 16 संक्रमित मिल चुके हैं
तीनों के संक्रमित मिलने की जानकारी के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम उनके घर भेजी गई। संक्रमितों को होम आइसोलेट किया गया। उनके परिजनों के आरटीपीसीआर सैंपल लिए गए। साथ ही उन्हें आवश्यक हिदायतें दी गईं। अप्रैल माह में अब तक 16 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से दो डॉक्टर भी शामिल हैं। फिलहाल जिले में 14 एक्टिव केस हो गए हैं।