वृंदावन। तीन दिन का समय मिलने के बाद भी लोगों द्वारा घरों और दुकानों के आगे से अतिक्रमण न हटाए जाने पर सोमवार को नगर निगम के संयुक्त नगर आयुक्त ने टीम के साथ अभियान चलाया। ड्रिल मशीन से पक्के अतिक्रमणों को तोड़ा गया, वहीं नालियों से सिल्ट निकलवाई।
सोमवार दोपहर संयुक्त नगर आयुक्त के निर्देशन में टीम ने प्रवर्तन दल के साथ बांकेबिहारी मंदिर को जाने वाले मार्ग पर जुगलघाट से लेकर बांकेबिहारी बाजार तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। दुकानों और मकानों के आगे हो रहे पक्के अतिक्रमण को ध्वस्त किया। भवन स्वामियों का नुकसान न हो इसके लिए अतिक्रमण हटाने के लिए निगम की टीम ने ड्रिल मशीन और ग्राइंडर से पक्के अतिक्रमण को हटाया। यह अतिक्रमण उन स्थानों पर चलाया गया जहां क्षेत्र की प्रमुख नालियों को पूरी तरह से ढक दिया गया और बाधित किया गया था। अतिक्रमण हटाने से पहले सफाई निरीक्षक द्वारा क्षेत्र का सर्वे कर अतिक्रमणों को चिह्नित किया। उन दो दर्जन से अधिक चिह्नित अतिक्रमण को मशीनों से हटाया गया।
इसके बाद जुगल घाट परिक्रमा मार्ग से लेकर जुगलकिशोर मंदिर होते हुए दाऊजी तिराहा तक सफाई अभियान चलाया गया। इसमें नालियों से में वर्षों से जमा सिल्ट निकाली गई। संयुक्त नगर आयुक्त मयंक यादव ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा।