मथुरा। विकास प्राधिकरण में तैनात एक महिला कर्मी ने अपने पुरुष सहकर्मी के दोस्ती का प्रस्ताव ठुकराया तो आरोपी उसके घर पहुंच गया और पति सहित दोनों को पीट दिया। इस संबंध में पीड़िता ने हाईवे थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़िता ने बताया कि वह मथुरा-वृंदावन कार्यालय में तैनात है। उसी के साथ धर्मजीत सिंह तैनात है, जो कि 25 नवंबर को उसके घर रात 8 बजे अपने एक अज्ञात साथी के साथ आ धमका। उसने कहा कि तुम मुझसे फोन पर बात क्यों नहीं करती हो और न ही ऑफिस में बात करती हो।
पति ने इसका विरोध किया तो धर्मजीत व उसके साथी ने उनकी पिटाई कर दी। महिला को भी पीटा। महिला ने आरोप लगाया कि धर्मजीत सिंह कार्यालय में अश्लील बातें करता था। इसका विरोध भी किया था। उसने दोस्ती का प्रस्ताव भी रखा था, जिसे ठुकरा दिया था। इसी कारण उससे बोलना बंद कर दिया था। इसी वजह से वह घर आ धमका और हमला किया। इंस्पेक्टर उमेश चंद्र त्रिपाठी के अनुसार तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।