मथुरा। नारियल पानी का स्वाद भले ही न ललचाता हो, लेकिन गुणों की खान है। हर प्रकार के पोषक तत्वों से भरपूर नारियल पानी की मांग दिनोदिन बढ़ रही है। रसायनों से पकाए फलों के रस की बजाय प्राकृतिक तौर पर विशुद्ध नारियल पानी हर मर्ज के रोगी के लिए अमृत समान है। चिकित्सक आमतौर पर इसे ही पीने की सलाह देते हैं। यही वजह है कि नारियल की खपत तेजी से बढ़ रही है। शहर में हर गली-नुक्कड़ पर नारियल के ढेर दिख जाएंगे।
डेंगू, मलेरिया, पेट की समस्या हो अथवा गर्भवती महिला, सभी के लिए नारियल पानी काफी फायदेमंद है। यही कारण है कि चिकित्सक इसका सेवन करने की सलाह देते हैं। डॉ. आशीष गोपाल बताते हैं कि नारियल पानी में मैग्निशियम, कैलशियम, विटामिन सी, पोटेशियम, फॉस्फोरस, सोडियम, एंटीऑक्सीडेंट आदि होते हैं। एक नारियल के पानी में ही लगभग 500 से 600 मिलीग्राम पोटेशियम रहता है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। नारियल का पानी थकान को दूर करता है, क्योंकि इसमें इलेक्ट्रोलाइट्स होते हैं। इसे पीने से उल्टी, दस्त, पेट में जलन, अल्सर, आंतों में सूजन आदि में आराम मिलता है। इसके सेवन से ब्लड प्रेशर भी कंट्रोल में रहता है। क्योंकि पोटैशियम भरपूर मात्रा में होता है। किडनी के रोगियों को इसे पीने से पीने से परहेज करना चाहिए, क्योंकि उनके लिए पौटेशियम की मात्रा नियंत्रण में रखना जरूरी होता है।
गर्भवती महिलाओं के लिए मबाण है नारियल पानी
डॉ. कृष्णा शर्मा बताती हैं कि गर्भावस्था में नारियल पानी पोषक तत्वों का सबसे अच्छा स्रोत माना जाता है क्योंकि यह क्लोराइड, इलेक्ट्रोलाइट्स, राइबोफ्लेविन, कैल्शियम, मैग्नीशियम और विटामिन सी से भरा होता है। इसमें फैट नहीं होता है। यह शरीर को हाइड्रेटेड रखने में मदद करता है। गर्भावस्था में नारियल पानी मां और बच्चे दोनों के लिए अच्छा होता है।
आगरा-दिल्ली से आता है नारियल
मथुरा में अधिकांशत: नारियल विक्रेता आगरा और दिल्ली से नारियल लेकर आते हैं। फिर यहां फुटकर में बेचते हैं। टैंक चौराहे पर फड़ लगाकर बेच रहे तौसीफ ने बताया कि वह दिल्ली से नारियल लेकर आते हैं और यहां बेचते हैं। शहर में करीब 20 ऐसे दुकानदार हैं जो कि सड़क पर फड़ लगाकर नारियल बेच रहे हैं। एक दुकानदार प्रतिदिन लगभग 70-80 नारियल बेच देता है। नारियल की किस्म के हिसाब से दाम 40-80 रुपये तक होते हैं। अधिक पानी वाले नारियल बिल्कुल गोल होते हैं और इनकी कीमत सबसे ज्यादा होती है। आम तौर पर एक नारियल में 250-300 एमएल पानी निकलता है। हालांकि अब तो विभिन्न ब्रांड का बोतलबंद नारियल पानी भी आने लगा है। यह महंगा तो होता ही है, इनमें रसायन भी मिले होते हैं। ऐसे में प्राकृतिक रूप से विशुद्ध नारियल पानी ही सेहत के लिए अधिक बेहतर है।