वृंदावन। गोशाला नगर में जमीन देने के नाम पर अलीगढ़ के एक व्यक्ति से 23 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने एसएसपी के आदेश पर वृंदावन कोतवाली में तीन आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है।
अलीगढ़ के गभाना क्षेत्र स्थित विद्यानगर निवासी गौरव कुमार शर्मा ने किशोरपुरा गौतमपाड़ा निवासी प्रभुदयाल, लखनलाल एवं बनखंडी धोबी गली निवासी रासबिहारी सिंह के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है। गौरव कुमार शर्मा ने नामजदों पर आरोप लगाया है कि गोशाला नगर में जमीन दिखाई। जमीन के दस्तावेज देखने के बाद जमीन का 46 लाख रुपये सौदा हो गया। 27 सितंबर 2023 को पीड़ित गौरव कुमार एवं अपने मिलने वाले अलीगढ़ निवासी पूर्णश चंद्रा, गुड़गांव निवासी सुभाष सिंह, राधा विहार मथुरा निवासी कोमल सिंह के पक्ष में बैनामा करा लिया।
इस दौरान 23 लाख रुपये बैंक चेक के माध्यम से जमीन क्रेता को दे दिए। इसके बाद जब गौरव कुमार शर्मा ने लेखपाल को लेकर 9 अक्तूबर 2023 को जमीन की पैमाइश कराने पहुंचा तो वहां कई लोग उस जमीन को अपनी जमीन बताने लगे। बताया जा रहा है कि वह जमीन पहले से ही कई लोगों के नाम इकरारनामा कर चुके हैं। कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार शाही ने बताया कि जमीन देने के नाम पर 23 लाख की ठगी का मामला को लेकर पीड़ित गौरव कुमार शर्मा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। जांच की जा रही है। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।