मथुरा। किशोरी रमण डिग्री कॉलेज में बृहस्पतिवार को एक नकलची पकड़ा गया। यह परीक्षार्थी बीबीए का छात्र था। नोडल परीक्षा केंद्र किशोरी रमण डिग्री कॉलेज में जिले के 24 कॉलेजों के लगभग 1800 छात्र-छात्राएं बीसीए, बीबीए एवं ई-कॉमर्स की दो पालियों में परीक्षा दे रहे हैं।
प्राचार्य प्रो. डॉ. प्रवीण कुमार अग्रवाल के निर्देशन में बृहस्पतिवार को आंतरिक उड़नदस्ते ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। जिसके तहत सुबह की पाली में बीबीए थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा में कक्ष निरीक्षक डॉ. नवीन अग्रवाल ने एक छात्र को कागज से नकल करते हुए पकड़ा। सुबह पाली की एसएस प्रोफेसर डॉ. शशी किरण थी। अभी तक केंद्र पर 11 परीक्षार्थी नकल करते पकड़े जा चुके हैं। उड़नदस्ता टीम में मुख्य अनुशासन अधिकारी प्रोफेसर डॉ. पीपी सिंह, असिस्टेंट अनुशासन अधिकारी प्रो. डॉ. दिव्या द्विवेदी एवं प्रो. डॉ. अशोक कुमार कौशिक शामिल रहे। संवाद