मथुरा। महर्षि दयानंद सरस्वती जिला अस्पताल की पार्किंग में बिना लॉक लगीं बाइकों का बृहस्पतिवार को पुलिस ने चालान किया। पुलिस की इस कार्रवाई से मरीज और उनके तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई। लोग पुलिस से अपनी बाइक को मुक्त कराने के लिए सिफारिश लगाते दिखाई दिए।
बृहस्पतिवार सुबह जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विजय कुमार ने पार्किंग में बिना लॉक के खड़ीं बाइकों को उठाकर चौकी के सामने खड़ा कराना शुरू कर दिया। यह देख रोगियों को बाइक पर लेकर आए उनके परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने इस दौरान 18 बाइकों का चालान किया। चौकी प्रभारी ने बताया कि लोग बिना लॉक किए ही चले जाते हैं, बाइक चोरी होती है तो फिर पुलिस को परेशानी होती है। इसलिए लापरवाह लोगों को सबक सिखाने के लिए अभियान चलाया गया। अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि जो लोग अपने वाहनों को पार्किंग के स्थान पर इधर-उधर खड़ा कर देते हैं उनके वाहनों के भी चालान किए जाएंगे। ताकि लोग अपने वाहनों को पार्किंग में खड़ा करें और उनको लॉक करना न भूलें।